आज के कार्यक्रम की खबर-
-105 लोगों को कैंसर एवं अन्य बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया
-बिरला में स्वास्थ्य विभाग, ममता और एट संस्था ने लगाया शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा के तहत एट संस्था ने एलआईसी एचएफएल के वित्तीय सहयोग और ममता संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को बिरला में आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. छवि बंसल ने की। इस अवसर पर विश्व कैंसर दिवस भी मनाया गया।
आरोग्य शिविर के दौरान मौके पर 62 लोगों के छाती के एक्स-रे किए गए। इसके अतिरिक्त 30 लोगों की शुगर एवं बीपी जांच की गई। वहीं 62 लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर के माध्यम से 105 लोगों को कैंसर एवं अन्य बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया।
इस मौके पर डॉ. छवि बंसल ने महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर के कारणों, लक्षणों, समय पर जांच तथा बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर इसका सफल उपचार संभव है, इसलिए नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है।
स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से तंबाकू से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर एट संस्था के प्रोजेक्ट प्रबंधक अजय दास, क्षेत्रीय सुगमकर्ता तरूण, सीएचओ अंजुमन, सीएचओ शिल्पा, डॉ. सुनील, उपासना, रंजना, सुरेश, संदीप, स्टाफ नर्स रीना, गरिमा, आशा कार्यकर्ता सुमन, रक्षा, हीमा, कुलदीप शर्मा और अंकित शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद
बिरला में लगे शिविर में लोगों की जांच करते डॉक्टर। स्रोत: विभाग