रेणुका मेले से पहले भगवान परशुराम और माता रेणुका के मंदिरों में बढ़ी श्रद्धालुओं की रौनक, दिनभर चला पूजा-अर्चना का दौर
रेणुका विकास बोर्ड की ओर से आयोजित हवन-यज्ञ में अधिकारियों, संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने डाली पूर्णाहुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। कार्तिक मास की वृश्चिक संक्रांति के अवसर पर रविवार को रेणुकाजी तीर्थ में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का माहौल बना रहा। रेणुका मेले के आगाज से पहले ही तीर्थनगरी के मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। संक्रांति के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम और माता रेणुका के मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर रेणुका विकास बोर्ड की ओर से मंदिर परिसर में विधिवत हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। धार्मिक मंत्रोच्चारण के बीच आयोजित यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर पुण्य लाभ कमाया। हवन-यज्ञ में अतिरिक्त उपायुक्त एकता काप्टा, बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भरत सिंह ठाकुर, सदस्य इंद्र प्रकाश गोयल और राकेश शर्मा सहित संत-महात्माओं और अन्य श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति अर्पित की।
मंदिर के मुख्य पुजारी देवा रमेश कपिल और पंडित रवि दत्त शर्मा ने पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-यज्ञ संपन्न करवाया। इस दौरान संत-महात्माओं ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। संक्रांति के चलते तीर्थ परिसर में सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गई थीं। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में शीश नवाकर मां रेणुका और भगवान परशुराम से सुख-शांति की कामना की।
इस मौके पर माता राम, तारा चंद, राजेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, रोशन लाल और गोविंद सिंह सहित रेणुका विकास बोर्ड के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। रेणुका मेले से ठीक पहले आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान से तीर्थ परिसर में उत्सव और भक्ति का माहौल देखने को मिला।