हिमाचल राज्य दिवस पर यूथ ब्रिगेड पांवटा में हाफ मैराथन व साइकिल दौड़ आयोजित करवाएगी। 25 जनवरी को नप खेल कमेटी मैदान से दौड़ शुरू होगी। कार्यक्रम में साइकिल दौड़ तथा बच्चों-बुजुर्गों के लिए भी प्रतियोगिताएं होंगी।
हिमाचल यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह मिक्का व महासचिव दीपक दुबे ने बताया कि शांति, सद्भावना व क्षेत्र विकास के लिए इस तरह का कार्यक्रम आयोजन किया जाता है। 25 जनवरी को सुबह मिनी सचिवालय के पास से साइकिल दौड़ शुरू होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखा कर हाफ मैराथन रवाना करेंगे।
दौड़ में प्रथम, दूसरे व तीसरे स्थानों पर रहने वालों को पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें हाफ मैराथन के विजेता को 3100 रुपये, उप विजेता को 2100 व तृतीय को 1100 रुपये नगद इनाम राशि प्रदान की जाएगी। इस दौरान बुजुर्गों व बच्चों के लिए भी प्रतियोगिताएं होगी। कार्यक्रम को लेकर यूथ ब्रिगेड ने बैठक भी की।
इस दौरान ब्रिगेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरदेव सिंह वालिया, उपाध्यक्ष अवनीत लांबा, महासचिव दीपक दुबे, संयोजक रामलाल शर्मा, गुरचरण सिंह चन्नी, अवतार सिंह गोल्डी, जसविंद्र ंसिंह व प्रेमपाल वर्मा समेत सदस्य मौजूद थे।