अधिकारों की जानकारी और शिकायत दर्ज कराने में मिलेगी मदद
एमआरपी से अधिक वसूली, नाप-तोल और गारंटी-वारंटी संबंधी मामलों में मिलेगा परामर्श
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने शिलाई तहसील में उपभोक्ताओं की सहायता के लिए मार्गदर्शन एवं सहायता केंद्र शुरू किया है। केंद्र का शुभारंभ संगठन के प्रांत अध्यक्ष अनिल वर्मा ने किया। यहां उपभोक्ताओं को अधिकारों की जानकारी देने के साथ शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया में निशुल्क मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इस अवसर पर अनिल वर्मा ने कहा कि ग्राहक पंचायत का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। बाजार में ठगी, मिलावटखोरी और अनुचित व्यापारिक गतिविधियों से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए संगठन लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र में उपभोक्ता अधिकारों, उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और नाप-तोल से जुड़े मामलों में सहायता दी जाएगी। इसके अलावा एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने, पक्का बिल नहीं देने और गारंटी-वारंटी से संबंधित मामलों में भी उपभोक्ताओं को परामर्श मिलेगा। ये सभी सेवाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।
कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री श्याम सिंह चौहान, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र बीरसांटा, तहसील संयोजक धनवीर ठाकुर और ग्राम पंचायत बेला के पूर्व प्रधान रमेश सहित संगठन के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।