गिरि पावर हाउस डिवीजन का क्षतिग्रस्त करंट ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य किया जाएगा
पांवटा साहिब, रामपुरघाट, सतौन, कफोटा, नघेता-पुरुवाला, शिलाई में रहेगी आपूर्ति प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मंगलवार को 132 केवी गिरि गोंदपुर विद्युत लाइन के करंट ट्रांसफार्मर (सीटी) में धुआं निकलने की घटना हुई। इसके उपरांत विद्युत आपूर्ति को अस्थायी रूप से बहाल किया गया था। अब रेजिडेंट इंजीनियर, गिरि पावर हाउस डिवीजन की ओर से क्षतिग्रस्त करंट ट्रांसफार्मर (टी) को बदला जाना है। इसके लिए बुधवार, 15 जुलाई को प्रातः 10 से सायं 6 बजे तक 132 केवी गिरि गोंदपुर लाइन का पूर्ण शटडाउन प्रस्तावित किया गया है।
अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता विद्युत मंडल पांवटा साहिब अंशुल ठाकुर ने बताया कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदला जाना है। इस कारण 33 केवी बद्रीपुर, पांवटा साहिब, रामपुरघाट, सतौन, शिलाई, कफोटा, नबेता, पुरुवाला तथा 132/11 केवी विद्युत उपकेंद्र गोंदपुर से संबंधित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति निर्धारित समय अवधि के दौरान प्रभावित रहेगी। सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे अपने आवश्यक कार्य पूर्व में ही संपन्न कर लें।
विद्युत आपूर्ति की बहाली पूर्णतः गिरिनगर विद्युत गृह में मरम्मत-प्रतिस्थापन कार्य की सफल एवं सुरक्षित पूर्णता पर निर्भर करेगी। अतः कार्य की प्रगति के अनुसार विद्युत आपूर्ति निर्धारित समय से पहले अथवा आवश्यकतानुसार विलंब से भी बहाल की जा सकती है। अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता विद्युत मंडल पांवटा साहिब ने कहा कि इस अस्थायी असुविधा के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड खेद व्यक्त करता है तथा उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा करता है।