-निर्धारित समय से एक सप्ताह पहले पूरा हुआ सर्वे, 113 गांवों के 17,917 आवासों की हुई गणना
-44300 लोगों का हुआ आकलन, फरवरी 2027 में शुरू होगा जनगणना का दूसरा चरण
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। भारतीय जनगणना-2026 के प्रथम चरण का कार्य ददाहू तहसील में निर्धारित समय से एक सप्ताह पहले पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि के साथ ददाहू तहसील जिले में पहले स्थान पर रही। 16 जून से 15 जुलाई तक चलने वाले पहले चरण के तहत ददाहू तहसील में 8 जुलाई को ही सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया।
पहले चरण में तहसील के 113 राजस्व गांवों के लिए 67 प्रगणकों और 13 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई थी। इन टीमों ने निर्धारित समय से पहले सर्वेक्षण पूरा कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। जनगणना के दौरान 113 राजस्व गांवों को 125 गणना ब्लॉकों में विभाजित किया गया था। सर्वेक्षण में 17,917 आवासों की गणना की गई, जिनके आधार पर 44,300 लोगों का आकलन किया गया।
वहीं 814 आवास ऐसे पाए गए, जो खाली थे और उनमें कोई निवास नहीं कर रहा था। जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति का व्यक्तिगत विवरण एकत्र किया जाएगा।
तहसीलदार ददाहू जय सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रगणकों की टीम ने पहले चरण का कार्य समय से एक सप्ताह पहले पूरा कर रिपोर्ट कार्यालय को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कार्य में किसी प्रकार की कमी या कोताही नहीं पाई गई। सभी आवासों और दुकानों का सर्वे निर्धारित नक्शों के अनुरूप शत-प्रतिशत पूरा किया गया। इस अवसर पर चार्ज सहायक एवं कानूनगो अनूज शर्मा तथा तकनीकी सहायक बलवीर वर्मा भी मौजूद रहे।-