ग्रामीण महिलाओं को दिया जाएगा 12 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), नाहन में 21 अक्तूबर से 12 दिवसीय निशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण शुरू होगा। यूको बैंक द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की निदेशक नवज्योत कौर करेंगी। प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बर्गर, पिज्जा, सैंडविच, रोल, मंचूरियन, नूडल्स और फ्रेंच फ्राइज सहित विभिन्न व्यंजन बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, खाद्य स्वच्छता, रसोई प्रबंधन और स्वरोजगार शुरू करने से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। संकाय सदस्य तानिया भाटिया और मनीषा चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होगा। प्रतिभागियों को दोपहर का भोजन और आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट आकार के फोटो और लागू होने पर श्रेणी प्रमाणपत्र साथ लाना होगा। प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।