पुलिस की चौकसी से पकड़ में आए आरोपी, हो सकती थी बड़ी वारदात
-पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज, जम्मू-कश्मीर के तीन और सोलन का एक व्यक्ति शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। पुलिस की चौकसी से राजगढ़ में चोरी के सामान और औजारों के साथ जम्मू-कश्मीर के तीन व सोलन के एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना राजगढ़ की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गौडा की तरफ से एक वैन और एक पिकअप को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान वैन के अंदर डिग्गी में एक जनरेटर, वेल्डिंग रॉड, वेल्डिंग सेट, नट खोलने की चाबियां, काले रंग की बिजली तार, कटर मशीन, ऐक्सा ब्लैड पाए गए। वहीं, पिकअप के अंदर पाइप के भारी वजनी कटे हुए टुकड़े तथा एक बड़ा गैस पीस सिलिंडर पाया गया। कार में सवार व्यक्ति बरामद सामान के बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दे सके और न ही कोई दस्तावेज पेश कर सके। पुलिस को सामान कहीं से चोरी करना पाया गया है।
एसपी ने बताया कि वैन में बैठे व्यक्तियों शाहजांह निवासी गहावन, कालाकोट, जिला राजौरी, जम्मू-कश्मीर, मीर मोहम्मद निवासी गांव गरन, राजौरी, जम्मू-कश्मीर तथा लियाकत अली निवासी गांव गरन, राजौरी जम्मू-कश्मीर व पिकअप मालिक भगत राज बहादुर निवासी खनौग मतिवल, जिला सोलन के विरुद्ध पुलिस थाना राजगढ़ में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
संवाद