तिरमली स्कूल में लगाई खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत..’, कार्यक्रम के अंतर्गत हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला तिरमली में मंगलवार को एक भारत, श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश समेत दूसरे राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों को बनाकर उनका स्टॉल लगाया।
एक भारत, श्रेष्ठ भारत की प्रभारी मीरा देवी ने विद्यार्थियों को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, लोक गीतों, खानपान और उनके रहन-सहन के बारे में विस्तार से बताया। मीरा देवी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एक-दूसरे की संस्कृति से परिचित होना है।
इस अवसर पर विद्यालय के शारीरिक शिक्षक हरीश कुमार, शास्त्री प्रदीप ठाकुर, मल्टी टास्क सोमा देवी ने बच्चों को अनेकता में एकता का समन्वय बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया। अंत में शिक्षकों और विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए स्वादिष्ट व्यंजनों का सेवन भी किया गया।
संवाद