-त्योहारी सीजन के मद्देनजर विभाग ने किया 25 दुकानों का औचक निरीक्षण
-मिठाई विक्रेताओं को शुद्धता और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को विभाग की टीम ने ददाहू बाजार में औचक निरीक्षण कर करीब 25 दुकानों की जांच की। इस दौरान रंगयुक्त करीब 30 किलो मिठाई को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अरुण चौहान के नेतृत्व में टीम ने बाजार की मिठाई, खाद्य पदार्थ और किराना दुकानों का बारी-बारी से निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। विशेष रूप से हलवाइयों और मिठाई विक्रेताओं को मिठाइयों में मिलावटी एवं हानिकारक रंगों का इस्तेमाल न करने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त अरुण चौहान ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों को आकर्षक दिखाने के लिए कई बार उनमें खाद्य रंगों का जरूरत से अधिक इस्तेमाल किया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने दुकानदारों को मिठाइयां तैयार करने और बेचने के दौरान शुद्धता व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही एक्सपायरी डेट का खाद्य सामान दुकानों में न रखने और उसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
विभागीय टीम ने बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों से भी अपील की कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता परखने के बाद ही सामान खरीदें। निरीक्षण के दौरान विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।-