बकरास स्कूल को आज मिलेगी पांच कमरों की सौगात, उद्योगमंत्री करेंगे लोकार्पण
दो हॉल और तीन नए कमरों के मिलने से स्कूल में चल रही समस्या होगी दूर
नहीं झेलनी पड़ेगी अब बैठने की परेशानी, बीएसएनएल और ब्लू स्टॉर ने बनाए हैं कमरे
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बकरास में चल रही कमरों की कमी अब पूरी हो जाएगी। स्कूल में पांच नए कमरों का निर्माण करवाया गया है। इन कमरों का उद्योगमंत्री हर्षवर्धन चौहान वीरवार को लोकार्पण करेंगे। इन नए कमरों के मिलने से स्कूल में चल रही कमरों की कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकेगा।
गौरतलब रहे कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बकरास का पुराना भवन जर्जर हालत में पहुंच गया है। यह भवन जहां विद्यार्थियों के लिए असुरक्षित हो गया है, वहीं क्लस्टर स्कूल होने के कारण कम भी पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और स्कूल प्रशासन ने नए भवन के लिए उद्योगमंत्री से गुहार लगाई थी।
इसके बाद उद्योगमंत्री के प्रयासों से यहां पर बीएसएनएल ने तीन कमरों और ब्लू स्टॉर उद्योग ने दो हॉल का निर्माण करवाया है। इनके बनने से बड़ी राहत मिलेगी। स्कूल में चल रही कमरों की कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकेगा।
स्कूल के प्रधानाचार्य जगदीश कपूर ने बताया कि स्कूल के पुराने भवन के चार कमरे बहुत जर्जर अवस्था में हैं। क्लस्टर स्कूल होने के कारण इसके अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों के कार्य भी यहीं से होते हैं। ऐसे में खस्ताहाल कमरों और कम कमरों के कारण कार्य निपटाने और स्कूल के विद्यार्थियों को बैठने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्कूल प्रबंधन समिति और स्कूल स्टॉफ ने कुछ महीने पहले उद्योगमंत्री हर्षवर्धन चौहान के समक्ष यह समस्या रखी। उद्योगमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकता के आधार पर यहां पर बीएसएनएल और ब्लू स्टॉर कंपनी के माध्यम से तीन कमरों और दो नए हाल का निर्माण करवाया है। इनके बनने से स्कूल में काफी हद तक कमरों की कमी को पूरा किया जा सका है। उद्योगमंत्री हर्षवर्धन चौहान नए कमरों का वीरवार को लोकार्पण करेंगे।
-संवाद