सांसद सुरेश कश्यप ने इंदिरा मेमोरियल टूर्नामेंट में की थी घोषणा
बीडीओ शिलाई को काम जल्द शुरू करवाने के निर्देश, एक साल में पूरा करना होगा निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई गांव में सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने गत वर्ष शिलाई में आयोजित इंदिरा मेमोरियल टूर्नामेंट के दौरान सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की थी। अब उपायुक्त कार्यालय, सिरमौर की ओर से इसके लिए स्वीकृति जारी कर दी गई है।
उपायुक्त कार्यालय की ओर से छह अक्तूबर, 2026 को जारी आदेश के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडीएस) के तहत यह राशि स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), शिलाई को सौंपी गई है। आदेश में संबंधित तकनीकी एजेंसी के माध्यम से राशि खर्च करने और निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वीकृति आदेश के अनुसार, सामुदायिक भवन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करना होगा। कार्य पूरा होने के बाद संबंधित कार्यालय को उपयोगिता प्रमाणपत्र और पूर्णता प्रमाणपत्र भी भेजना होगा। इससे निर्माण कार्य की प्रगति और स्वीकृत राशि के उपयोग का रिकॉर्ड संबंधित विभाग के पास उपलब्ध रहेगा।
सामुदायिक भवन बनने से शिलाई गांव के लोगों को सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इससे ग्रामीणों को विभिन्न आयोजनों के लिए सुविधा मिलने की उम्मीद है। सामुदायिक भवन के लिए राशि स्वीकृत होने पर शिलाई गांव के निवासियों ने सांसद सुरेश कश्यप का आभार जताया है।
शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने बताया कि शिलाई गांव में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए सांसद निधि से पांच लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा।