-पूर्व सैनिक संगठन श्री रेणुकाजी, संगड़ाह प्रशासन के साथ करेगा आयोजन
-20 से 24 नवंबर तक होने वाले प्रतियोगिता में खिताब के लिए भिड़ेंगी 32 टीमें
-पत्रकार वार्ता में पूर्व सैनिक संगठन श्री रेणुकाजी, संगड़ाह के संयोजक रनदीप शर्मा ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले में इस मर्तबा पहली बार लोगों को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांच देखने को मिलेगा। पूर्व सैनिक संगठन रेणुकाजी, संगड़ाह मेला प्रशासन के साथ मिलकर इस प्रतियोगिता को आयोजित करेगा। इससे पहले केवल दंगल का आयोजन ही मेले में हो रहा था। अब लोगों वॉलीबॉल प्रतियोगिता का लुत्फ भी उठाने को मिलेगा।
पूर्व सैनिक संगठन रेणुकाजी, संगड़ाह के संयोजक रणदीप शर्मा ने यह जानकारी मंगलवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि रेणुकाजी मेला 19 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में वॉलीबॉल प्रतियोगिता 20 नवंबर से शुरू होगी। 24 नवंबर को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 32 टीमें शामिल होंगी। प्रत्येक दिन एक स्लॉट में आठ टीमों को बुलाया जाएगा। इनमें से एक टीम सेमीफाइनल के लिए चुनी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता हिमाचल व ग्रामीण स्तर पर होगी। यह प्रतियोगिता वन्य प्राणी विभाग कार्यालय के वॉलीबॉल मैदान में होगी। उन्होंने बताया कि विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक इनाम दिए जाएंगे।
शर्मा ने कहा कि संगठन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। आज नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। इसका सबसे अधिक प्रभाव युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है। ऐसे में खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। वार्ता के दौरान संगठन ने संगड़ाह क्षेत्र में अवैध खनन पर भी सवाल उठाए।
इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष ओम प्रकाश कंठ, मुख्य सलाहकार जेआर शर्मा और सदस्य ओम प्रकाश मौजूद रहे।-