ड्राइक्लीनर की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान हुआ राख
दुकान में सभी कपड़े, एलसीडी काउंटर, बैंच और सोफा सेट समेत अन्य सामान जला
टेलीफोन लाइन नीचे होने से दमकल टीम को पहुंचने में आई दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। बुधवार तड़के पांवटा साहिब मुख्य बाजार की पिछली गली में एक ड्राइक्लीनर की दुकान में आग भड़क गई। आग से दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रभावित दुकानदार को लाखों की क्षति आंकी जा रही है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची लेकिन टेलीफोन की लाइन काफी नीचे होने पर काफी दिक्कतें आईं। दमकल टीम ने आग पर काबू पाकर आसपास रिहायशी क्षेत्र को चपेट में आने से बचा लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद फरमान पुत्र मोहम्मद आयुब गांव व डाक घर तिमली तहसील विकासनगर देहरादून उत्तराखंड की पांवटा बाजार की पिछली गली में ड्राइक्लीनर की दुकान है। तड़के ही सैर को निकले लोगों व पड़ोसियों ने देखा कि दुकान से भयंकर धुएं की लपटें निकल रहीं हैं। इसकी सूचना दुकान संचालक व दमकल विभाग को दे दी। दमकल टीम रामपुरघाट से पांंवटा मौके पर पहुंची। हालांकि इससे पहले ही दुकान में रखा अधिकतर सामान जल चुका था।
सूचना मिलने पर दमकल केंद्र प्रभारी रामकुमार, विनोद कुमार, रणजीत सिंह, गुरनाम सिंह, सतीश कुमार, अर्जुन सिंह दो दमकल वाहन लेकर पांवटा पहुंचे। इस गली में जाने वाले मार्ग पर टेलीफोन लाइन की तारें काफी नीचे होने से करीब 5 मिनट तक वाहनों को दुकान के पास पहुंचने में लगा। दमकल टीम ने आग पर काबू पाकर आसपास की दुकानों व रिहायशी मकानों तक आग को फैलने से बचा लिया। दुकान संचालक मोहम्मद फरमान ने कहा कि आग से लाखों की क्षति पहुंची है। दुकान में रखी एलसीडी, सभी कपड़े, सोफा सैट, 8 स्टिम एवं सिंपल प्रेस, काउंटर, बैंच व स्टूल समेत डेढ़ से दो लाख तक का पूरा सामान ही जलकर राख हो गया है। आग की लपटों से शटर समेत भवन भी बुरी तक क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
दमकल केंद्र पांवटा साहिब प्रभारी रामकुमार ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ड्राइक्लीनर की दुकान में रखे सामान व भवन को मिला कर करीब पांच लाख से अधिक की क्षति आग से पहुंची है। शहरी क्षेत्र की गलियों में टेलीफोन, बिजली व केवल की वायर लाइन को ऊंचा उठाया जाना जरूरी है जिससे दमकल विभाग के वाहन तुरंत मौके तक पहुंच सकें।
बाक्स...
किस्मत का धनी निकला युवक
ड्राइक्लीनर की दुकान पर कार्यरत अनीस व स्थानीय लोगों ने कहा कि रात को काम करने वाला एक युवक दुकान में ही सोया था। गनीमत ये रही कि युवक सुबह शौच करने बाहर सार्वजनिक शौचालय की तरफ निकला था। युवक को आधा घंटे बाद सूचना मिली तो दुकान पर पहुंचा। तब तक दुकान पूरी तरह आग की लपटों में आकर जल चुकी थी। आग भड़कने का कारण संभवना शार्टसर्किट माना जा रहा है।
संवाद