जैतक के ऐतिहासिक राजशाही किले के जीर्णोद्धार को 4 लाख रुपये देने की घोषणा
विधायक ने जैतक गांव में आयोजित भाई दूज मेले का किया समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। विकास खंड नाहन के जैतक गांव में भाई दूज के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और माता रणचंडी से समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक मेले हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता की पहचान हैं। यह न केवल लोगों को आपसी भाईचारे से जोड़ते हैं, बल्कि हमारी पुरातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को भी जीवित रखते हैं। उन्होंने जैतक के ऐतिहासिक राजशाही किले के जीर्णोद्धार के लिए 4 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह किला हमारे गौरवशाली अतीत और क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर का प्रतीक है, जिसे संरक्षित करना हम सभी का दायित्व है।
विधायक ने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों को इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। मेले के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिनमें कबड्डी, दौड़, घड़ा फोड़ और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता शामिल रहीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय बहादुर, अल्बेल सिंह, बाबू राम, रजीव ठाकुर, पुरषोतम, अंशुमन, राजेन्द्र, पालम, सुरेश, अमित, संजय, शमशेर, यशपाल, प्रेम कंवर, संदीप, धनवीर, विनित आदि मौजूद रहे।