कुछ देर तक वाहन चालकों ने किया हाथी के आगे चले जाने का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल-उत्तराखंड सीमा कुल्हाल में एनएच के किनारे एक हाथी नजर आया। एनएच -07 पर गुजरने वाले छोटे- बड़े वाहन कुछ पल के लिए थम गए। बाद में हाथी के अपने राह पर चले जाने से लोग अपने गंतव्य स्थलों की तरफ रवाना हो गए।
बता दें कि पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज से सटे कुल्हाल और आसपास के इलाकों में अक्सर हाथियों का झुंड या कई बार अकेला हाथी सड़क पार करते या रिहायशी इलाकों के पास नजर आ जाता है। उत्तराखंड के इस इलाके में हाथियों की मूवमेंट कई बार देखी गई है। तिमली के आरक्षित जंगल में हाथियों का एक बड़ा दल रहता है जो अक्सर पानी की तलाश या भोजन के लिए भटकते हुए हाईवे और हिमाचल राज्य सीमा पर स्थित कुल्हाल जैसे आसपास गांवों की तरफ आ जाता है। कई बार यमुना नदी पार करते हुए हिमाचल के बहरहाल, बातामंडी व सतीवाला से होकर राष्ट्रीय उद्यान सिंबलवाड़ा की तरफ हाथी निकल जाता है।
स्थानीय निवासी अश्वनी कुमार, अब्दुल मलिक, ईशान और रविंद्र सिंह ने बताया कि अक्सर हाथी कभी यमुना नदी के आसपास मस्ती करते हैं तो कभी कुल्हाल और कभी दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर यातायात को रोककर सड़क पार करते दिखाई देते हैं। वन विभाग की टीमें अक्सर ऐसे क्षेत्रों में गश्त करती हैं। हाथी कभी कुल्हाल के इलाके में, जंगल या हाईवे के पास आ धमकते हैं। एनएच पर सफर करते समय सतर्क रहने की जरूरत है। हाथियों के दिखने पर उन्हें छेड़ने या उनके करीब जाने से बचें।
संवाद