लोगों को लाखों रुपये का नुकसान, बिजली भी रही बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाकुआं (सिरमौर)। ग्राम पंचायत फूलपुर में बिजली गिरने का मामला सामने आया है। यहां बिजली गिरने से चार परिवारों के घरों में लगे विद्युत उपकरण जल गए। यहां बिजली गिरने से विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही।
जानकारी के अनुसार फूलपुर ग्राम पंचायत के काहनू वाला गांव में तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। इससे गांव में दहशत का माहौल बन गया। यहां के ग्रामीणों सुरेंद्र कुमार, रमेश चौधरी, महेंद्र चौधरी आदि को लाखों रुपये के उपकरण जल जाने से नुकसान हुआ है।
सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उसके घर में लगा इनवर्टर और पांच पंखे और एक कुट्टी की मशीन में लगी मोटर जल गई है। इसके अलावा टीवी, फ्रिज भी जल गए। वहीं, महेंद्र चौधरी के घर में आटा चक्की में लगे पंखे व मोटर को नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही रमेश चौधरी के बोर बैल की मोटर, टीवी, फ्रिज, पंखे आदि जल गए हैं। उन्होंने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है।
उधर, विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि बिजली से ट्रांसफार्मर में लगे सभी फ्यूज उड़ गए। ऐसे में बड़ा नुकसान होने से बच गया। कुछ लाइन में भी फाल्ट आया था जिसे ठीक कर चालू कर दिया है।