तीन से चार घंटे तक परेशान रहे सैकड़ों उपभोक्ता
नवादा के पास खराबी मिलने पर दोपहर तक बहाल हुई आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब क्षेत्र में मंगलवार सुबह 11 केवी बिजली लाइन में फॉल्ट आने से आधा दर्जन गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। छावनीवाला, शिवपुर, नवादा, फूलपुर, आमवाला और अकालगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों उपभोक्ताओं को तीन से चार घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सवा सात बजे बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद विद्युत बोर्ड के कर्मचारी फॉल्ट तलाशने में जुट गए। लाइन की पेट्रोलिंग के दौरान नवादा के समीप खराबी का पता चला। इसके बाद कर्मचारियों ने मरम्मत कार्य शुरू किया। कुछ गांवों में तीन घंटे के भीतर बिजली बहाल कर दी गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारु होने में करीब चार घंटे लगे।
स्थानीय उपभोक्ता सुशील पंडित, रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, अपर्णा चौधरी, रमेश धीमान और राकेश कुमार ने बताया कि सुबह से बिजली गुल रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि 11 केवी लाइन में फॉल्ट आने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी। नवादा के समीप खराबी मिलने के बाद मरम्मत कार्य पूरा करवाया गया और आपूर्ति सुचारु कर दी गई।