नाहन(सिरमौर)। नाहन शहरी क्षेत्र में पेयजल किल्लत के बाद अघोषित बिजली कट परेशानी का सबब बन रहा है। पिछले कुछ दिनों से दिन के समय बार-बार बिजली कट लगाए जा रहे हैं। शनिवार दोपहर के समय बिजली के लंबे कट से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतें आती रहीं। शाम तक आधा दर्जन से अधिक कट लगाए गए।
स्थानीय निवासी बीबी अग्रवाल महेंद्र सिंह, प्रेमपाल महिंद्रू्, विशाल तोमर, बबलू पुंडीर, ममता ठाकुर, देवेंद्र, अनु तोमर व बबीता ने बताया कि वह बिजली कट से परेशान हैं। आजकल दिनों दिन तापमान बढ़ने लगा है जिससे दिन के समय बिजली उपकरण से संचालित एसी व बिजली पंखे चलते हैं। बिजली गुल होने पर सभी उपकरण ठप हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली बोर्ड अघोषित बिजली कट बंद करें जिससे उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतों से निजात मिल सके।
उधर, इस संबंध में सहायक अभियंता आरके शर्मा ने बताया कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। वह शीघ्र इस बारे में पता कर बिजली कट की दिक्कतों को दूर करने का प्रयास करेंगे।