सतौन (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र की सब डिविजन कफोटा के अंतर्गत शरली पंचायत में पानी की समस्या विकराल हो गई है। एक माह से ज्यादा दिक्कतें आ रही हैं। उठाऊ पेयजल योजना की पंप मशीन खराब है जिससे पंचायत में पिछले 5 दिनों से पानी की आपूर्ति ठप्प है। पंचायत में 3 गांवों के 500 परिवारों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीण मजबूरन खड्ड का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं जिससे कि बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
शरली पंचायत के समाज सेवक कुंदन सिंह शास्त्री, पूर्व प्रधान जगत सिंह चौहान, खजान चौहान, ग्यारु राम, सतपाल चौहान व ओम प्रकाश ने कहा कि तीन गांव गुद्दी, मानपुर व शरली के लिए नेड़ा खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना बनी है। विगत एक माह से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। पहले 10 फीसदी ग्रामीणों को पानी मिल रहा था। अब, पिछले 5 दिनों से सप्लाई पूरी तरह ठप्प हो चुकी है। ग्रामीणों को लिफ्ट की स्कीम से पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। विभाग के पंप की मोटर खराब होने के कारण पानी की सप्लाई बिल्कुल बंद है। ग्रामीणों की इस समय तो हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि बाउड़ी में भी पानी समाप्त हो चुका है। ग्रामीणों को खड्ड से गंदा पानी लाना पड़ रहा है। अगर दो तीन दिन पानी की सप्लाई सुचारु नहीं की गई तो खड्ड का पानी भी समाप्त हो जाएगा और ग्रामीणों को पानी की बूंद तक के लिए मोहताज होना पड़ेगा। मजबूरन, ग्रामीण किराये की गाड़ियों में पानी एक महीने से ढो रहे हैं। एक बावड़ी में भी पानी समाप्त हो चुका है। गाढ़ खड्ड में भी पानी समाप्त होने जा रहा है। इस, समय ग्रामीण गाढ़ खड्ड का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं जिससे बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
उधर, इस संदर्भ में कफोटा के कनिष्ठ अभियंता विरेन्द्र शर्मा ने बताया कि पहले लो वोल्टेज होने के कारण आपूर्ति पूरी नहीं हो पा रही थी। उसके बाद योजना की मोटर खराब हो गई थी। मोटर को ठीक कर दिया गया है, शीघ्र पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।