पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के आधे शहरी क्षेत्र में अघोषित बिजली कटों से उपभोक्ता परेशान हैं। शनिवार देर शाम से देर रात तक करीब 3 घंटे बिजली का कट लगा जिससे उमस से हजारों परिवार किल्लत झेलते रहे। यही आलम, रविवार को दोपहर बाद से शुरू हुआ। पहले एक घंटे का कट लगा दिया। इसके बाद बीच-बीच में कई बार बिजली गुल रही जिससे हजारों उपभोक्ता दिक्कतों का सामना करते रहे। दोपहर के बाद हल्की बूंदा बांदी से उमस और भी ज्यादा बढ़ गई। पांवटा क्षेत्र वासियों के लिए ऐसे में बिजली के कट आफत साबित होते रहे हैं।
स्थानीय निवासी राजेंद्र नेगी, दिनेश शर्मा, संजीव नागपाल, धीरज चोपड़ा, भरत राणा, अनुराग, वेदप्रकाश, रविदीप, अखिल शर्मा व प्रदीप कुमार ने कहा कि आधे शहरी क्षेत्र व गोंदपुर की तरफ वाले ग्रामीण इलाकों में बिजली के अघोषित कट परेशानी का सबब बन रहे हैं। शनिवार को कई घंटे बिजली गुल रही।
रविवार को भी ऐसे की कुछ हालत बने रहे। बिजली के लंबे कट से भारी उमस के बीच क्षेत्रवासियों की परेशानी ज्यादा बढ़ती जा रही है। रविवार को भी काफी उमस रही। हल्की बूंदा बांदी दोपहर को हुई जिससे बिजली गुल रहने पर उमस से घर के भीतर ठहर पाना कठिन हो रहा था। उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों व कर्मचारियों को दिक्कतों से अवगत भी करवाया है।
उधर, बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता पांवटा वीके कंवर ने कहा कि शिकायत मिली है। विगत, शनिवार को गोंदपुर में पेड़ की बड़ी टहनी गिरने के बाद लाइन बंद हो गई थी। बोर्ड कर्मचारियों ने देर रात को लाइन ठीक कर दी। रविवार को इसी प्रभावित लाइन को ठीक करने का कार्य चलता रहा। देर शाम को बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।