अरोमा होटल लाइट प्वाइंट पर जाम की स्थिति
- फोटो : अमर उजाला
मोगीनंद (सिरमौर)। त्रिलोकपुर स्थित शक्तिपीठ महामाया बाला सुंदरी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी के अवसर पंद्रह हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में सिर नवाया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर के द्वार सुबह ही खोल दिए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत पेश न आए लेकिन, मंदिर क्षेत्र में बेतरतीब सड़क किनारे वाहन खड़े करने की वजह से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इस वजह से श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हिमाचल और बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालु कई घंटे तक यहां जाम में फंसे रहे।
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हिमाचल सहित पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब, दिल्ली से आए श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया लेकिन सड़क पर लगा जाम श्रद्धालुओं के लिए आफत बन गया। मां के दरबार में शीश नवाने आए हजारों श्रद्धालुओं को त्रिलोकपुर में भारी जाम लगने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रद्धालु घंटो इस जाम में फंसे रहे। बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं के चेहरों पर इस जाम से मायूसी व झल्लाहट देखी गई। वे मंदिर प्रशासन को कोसते दिखाई दिए।
माथा टेकने आए संजय सिंगला, पूर्णचंद, महेंद्र जैन, श्वेता, रजनी ने बताया कि बाजार में जाम लगने से वाहन तो वाहन पैदल चलने वालों के लिए भी कोई जगह नहीं बची। मंदिर प्रबंधन श्रद्धालुओं को सुविधा देने में पूरी तरह से नाकाम रहा। वाहनों के लिए उचित व्यवस्था न होने से उन्हें घंटों तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
--बाक्स--
मंदिर न्यास समिति के सहायक प्रबंधक गोपाल शर्मा ने बताया की पार्किंग की व्यवस्था स्कूल के मैदान में की गई है लेकिन कुछ लोग जानबूझ कर अपनी गाड़ियों को सड़क पर पार्क कर देते हैं अगर उनको वाहन हटाने के लिए कहते हैं तो वो झगड़ा करने लगते हैं।