38 से 40 डिग्री तापमान में प्रत्याशियों को घर-घर जाकर मतदाताओं से करना पड़ रहा संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर क्षेत्र में प्रचार तेज हो गया है। 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तापमान में प्रत्याशियों को घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करना पड़ रहा है। कड़कती धूप में दिनभर गली-मोहल्लों और बाजारों में प्रचार कर रहे प्रत्याशी और उनके समर्थक पसीने से तरबतर नजर आ रहे हैं।
प्रचार अभियान के दौरान प्रत्याशी दिन के साथ-साथ रात के समय भी लोगों के घरों में पहुंचकर समर्थन मांग रहे हैं। प्रत्याशियों के समर्थन में महिलाएं भी घर का कामकाज छोड़कर चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। वहीं कई स्थानों पर मतदाता प्रत्याशियों और समर्थकों को पानी व कोल्ड ड्रिंक पिलाकर राहत पहुंचा रहे हैं। इस बार पंचायत चुनावों की तस्वीर पिछले वर्षों से अलग दिखाई दे रही है।
प्रदेश में पहली बार पंचायत चुनाव करीब पांच महीने की देरी से हो रहे हैं। इससे पहले पंचायत चुनाव दिसंबर में ही संपन्न हो जाते थे, लेकिन इस बार चुनाव प्रक्रिया 31 मई तक चलेगी। प्रत्याशियों का कहना है कि चुनाव में देरी का सीधा असर प्रचार अभियान पर पड़ा है। भीषण गर्मी में प्रचार करना चुनौती बना हुआ है। साथ ही समर्थकों के लिए पानी और कोल्ड ड्रिंक आदि की व्यवस्था करने से चुनाव खर्च भी बढ़ गया है।