पांवटा साहिब (सिरमौर)। माजरा क्षेत्र में बाइक पर अचानक ब्रेक लगाने से पीछे बैठी बुजुर्ग महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में सुशील कुमार निवासी संतोषगढ़ ने बताया कि दलजीत अपनी मोटरसाइकिल पर अपनी माता श्यामा देवी को लेकर माजरा की ओर जा रहा था। मेलियों पुल के पास दलजीत ने अचानक बाइक पर तेज ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे बैठी श्यामा देवी संतुलन खो बैठीं और उछलकर सड़क पर गिर गईं।
हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई। परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि सड़क हादसे में महिला घायल हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। संवाद