इफको ने पांवटा में बांटे 33 एलईडी टीवी
किसानों को नैनो उर्वरकों की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में नैनो उर्वरकों के उपयोग के लिए इफको की ओर से निशुल्क एलईडी टीवी वितरित किए। इस दौरान 70 से अधिक सहकारी समिति के सचिव एवं प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला सहकारिता निरीक्षक दिनेश कुमार, सहकारी समिति पांवटा साहिब के प्रधान कुलदीप, एजीटी रोहित शर्मा सहित एसएफए मुकेश के अलावा सिरमौर जिले के सहकारी सभाओं के सचिव भी मौजूद रहे।
इस मौके पर एजीटी रोहित ने इफको की ओर से विश्व प्रथम निर्मित तरल नैनो यूरिया और हाल ही में भारत सरकार की ओर से स्वीकृत नैनो डीएपी पर विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने भारत सरकार की ओर से दिए जा रहे अनुदान और बदलती हुई परिस्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
जिला सहकारिता निरीक्षक दिनेश ने नैनो उर्वरकों के प्रचार करने के लिए सरकारी समितियों के सचिवों से आह्वान किया। साथ ही सहकारी समितियों के जल्द डिजिटलाइजेशन करने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि जल्द ही इफको की ओर से पांवटा साहिब में महिला सशक्तीकरण के अंतर्गत ड्रोन की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में 33 एलईडी टीवी भी वितरित किए गए जिसमें किसान नैनो उर्वरकों के बारे में डिजिटलाइजेशन के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।