वर्तमान बस अड्डे के विस्तार की भी है योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। ददाहू में नए बस अड्डे के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। इसे लेकर निगम प्रबंधन सक्रिय हो गया है। बस अड्डे के निर्माण को लेकर निगम प्रबंधन की टीम ने वीरवार को ददाहू में बस अड्डे के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। साथ ही नए बस अड्डे के निर्माण के लिए अन्य विकल्पों की भी जांच की गई।
उल्लेखनीय है कि जिले के केंद्र बिंदु और रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के प्रवेश द्वार ददाहू में पिछले दो दशकों से बस अड्डे के निर्माण की मांग चली आ रही है, लेकिन निगम प्रबंधन अभी तक उपयुक्त भूमि का चयन नहीं कर पाया है। वर्ष 2026-27 की विधायक प्राथमिकता में विनय कुमार ने ददाहू में आधुनिक बस अड्डे के निर्माण पर जोर देते हुए सरकार के माध्यम से निगम प्रबंधन को बस अड्डा निर्माण के आदेश दिए हैं।
इसके बाद निगम प्रबंधन हरकत में आया और डीएम बीएस नेगी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ददाहू में निरीक्षण के लिए पहुंची। यहां पांच बीघा प्रस्तावित भूमि के निरीक्षण के साथ पुराने बस अड्डे के विस्तार और अन्य विकल्पों को भी तलाश्का गया। डिविजनल मैनेजर (डीएम) बीएस नेगी ने बताया कि ददाहू में नए बस अड्डे के निर्माण को लेकर उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है, जिसके लिए संभावनाओं के साथ-साथ अन्य विकल्पों की भी जांच की जा रही है। वर्तमान बस अड्डे के विस्तार की भी योजना है। सकारात्मक रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर उच्च अधिकारियों सहित बस अड्डा निर्माण प्राधिकरण को सौंपी जाएगी।
इस मौके पर डीडीएम राम दयाल, अधिशासी अभियंता कमल शर्मा, सहायक अभियंता रमेश धीर, कनिष्ठ अभियंता काशिन अली, जगत सिंह और अड्डा प्रभारी ददाहू बली राम सहित निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।