नौरंगाबाद स्कूल में अतिरिक्त कमरों के निर्माण का शिलान्यास करते विधायक डॉ. राजीव बिंदल।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। नाहन के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को धौलाकुआं पंचायत के नौरंगाबाद में 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्कूल के कमरों का उद्घाटन किया। इसके अलावा करीब 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्कूल के अतिरिक्त भवन का शिलान्यास भी किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि इस स्कूल के पास अपना भवन नहीं था। आज स्कूल में दो कमरे बन चुके हैं और एक शानदार भवन की आधारशिला रखी गई है। इन सभी कार्यों के लिए वह लगातार और दिनरात प्रयास और मेहनत करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकारों ने एक कमरा भी इस स्कूल के लिए स्वीकृत नहीं किया जो कि अपने आप को समुदाय विशेष का हितैषी बताते हैं। कांग्रेस ने कभी भी नौरंगाबाद स्कूल की सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि स्कूल भवन बनने से निर्धन परिवारों के बच्चों को अच्छी और गुणात्मक शिक्षा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान मलकीयत चौधरी, ब्रिजेश गोयल, रतन चौधरी, उपप्रधान रामपुर भारापुर रजनीश चौधरी, पड़दूनी की प्रधान सरोज देवी, उपप्रधान गीता राम, सुरेंद्र पाल, डॉ. सबलोक, महेंद्र फौजी, एसएमसी अध्यक्ष शमसुदीन, लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति, शिक्षा विभाग के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।