राजगढ़ स्कूल में पृथ्वी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चे और स्कूल स्टाफ। स्रोत : स्कूल
राजगढ़ स्कूल में मनाया विश्व पृथ्वी दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। पीएमश्री आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ में बुधवार को यूथ एंड इको क्लब के तत्वावधान में विश्व पृथ्वी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। प्रधानाचार्य प्रेमचंद और इको क्लब प्रभारी प्रवीण शर्मा ने विद्यार्थियों को पृथ्वी दिवस के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह दिवस हमें पृथ्वी के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास दिलाने के लिए मनाया जाता है। पृथ्वी केवल एक ग्रह नहीं, बल्कि हमारा घर है, जिसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। विश्व पृथ्वी दिवस की शुरुआत 22 अप्रैल 1970 को हुई थी, जब लाखों लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए आवाज उठाई थी। इस वर्ष का थीम हमारी शक्ति, हमारा ग्रह है, जो यह संदेश देता है कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी बड़ा बदलाव संभव है।
इस अवसर पर विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। वरिष्ठ वर्ग में धीरज और महक ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। कृतिका ठाकुर व अदिति भारद्वाज द्वितीय और गुंजन व काव्यांजलि तृतीय स्थान पर रहीं। कनिष्ठ वर्ग में संजीवनी ने प्रथम, सृष्टि ने द्वितीय और तृषा ने तृतीय स्थान हासिल किया। संवाद