संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नाहन-कौलांवालाभूड़ मार्ग पर जामली नदी पर बना पुल खस्ताहाल स्थिति में पहुंच गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल के ऊपर की तरफ बना डंगा ढहना शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह डंगा पूरी तरह से टूट गया तो मुख्य पुल के गिरने का गंभीर खतरा पैदा हो जाएगा।
प्रेस को जारी बयान में ब्रह्मा समाज सेवा संगठन सुरला के प्रेस सचिव दीपचंद व वार्ड सदस्य जाबल कनोटी यशवंत सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने काफी समय पहले पुल के निचले हिस्से की सुरक्षा के लिए डंगा लगाया था। उस दौरान ग्रामीणों ने लिखित और मौखिक तौर पर ऊपर की साइड बने डंगे की दशा से भी अधिकारियों को अवगत करवाया था। अधिकारियों ने बजट न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया था और फिर ऊपर की साइड बने डंगे की किसी ने सुध नहीं ली। अब यह डंगा धीरे-धीरे खिसकना शुरू हो गया है, इससे पुल को आने वाले समय में खतरा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल से करीब 50 मीटर की दूरी पर जाबल-कनौटी का बस स्टॉप है। यहां पर एक प्राकृतिक खाला (नाला) है, जिसमें बारिश का भारी पानी आता है। इस खाले के नीचे सड़क को पार कराने के लिए केवल एक सिंगल पाइप डाला गया है। बरसात के दिनों में पानी अधिक होने के कारण यह सिंगल पाइप पूरी तरह चोक हो जाता है, जिससे पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क पर बहने लगता है। इसी पानी के तेज बहाव के कारण पुल के पास का डंगा टूट गया है। जमीन भी कटाव की भेंट चढ़ रही है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से खाले में सिंगल पाइप की जगह तुरंत डबल पाइप डालने या फिर पुलिया का निर्माण करने की मांग की है। इसके साथ ही पुल की सुरक्षा के लिए यहां एक मजबूत और पक्का आरसीसी का डंगा लगाने की भी मांग की है।
नाहन-कौलावालाभूड़ मार्ग पर जामली नदी पर बने पुल के पास क्षतिग्रस्त डंगा। स्रोत: संगठन