धगेड़ा स्कूल में नशे पर जागरूक किए विद्यार्थी, निकाली रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय उच्च विद्यालय धगेड़ा में छात्रों और अध्यापकों ने नशे पर जागरूकता को लेकर रैली निकाली गई। इस रैली में शामिल अध्यापकों और बच्चों ने मिलजुल कर नशे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विद्यालय के आसपास के गांव में बीड़ी-सिगरेट छोड़ दो, नशे की गर्दन मरोड़ दो..., नशा है शैतान, लेता है जान.., जैसे नारे लगाकर जागरूकता संदेश दिया।
रैली के बाद विद्यालय के टीजीटी (नॉन-मेडिकल) अनिल कुमार शर्मा ले विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए वक्तव्य दिया। वक्तव्य में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से सदैव दूर रहने का संदेश दिया।
राजकीय उच्च विद्यालय के साथ-साथ प्राथमिक विद्यालय धगेड़ा के विद्यार्थियों ने भी रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान उच्च विद्यालय की मुख्याध्यापिका सीता कश्यप सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।