संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शिमला के गेयटी थियेटर में तीन से पांच अक्तूबर तक बाल रंगमंच महोत्सव के अंतर्गत अंतर-विद्यालय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस दौरान नाहन निवासी डॉ. दीन दयाल वर्मा की कहानी ‘दादी’ पर भी नाटक का मंचन किया जाएगा।
मोनाल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी गेयटी थियेटर शिमला में चार अक्तूबर को सुबह 10:30 बजे नाटक का मंचन करेंगे। ‘दादी’ वृद्ध महिला के अंतर्मन, द्वंद्व एवं पीड़ा की कहानी है। लेखक ने कहानी से परिवार में वृद्धों को उचित मान-सम्मान न मिलने और प्रेम से वंचित रह जाने की समस्या को उजागर किया है। डॉ. वर्मा की यह कहानी मानवीय संवेदनाओं को इस तरह से स्पर्श करती है कि पाठक मुग्ध रह जाता है। यह डॉ. वर्मा की संवेदनशीलता और कला-दृष्टि का परिणाम है। निरंतर कहानी, कविता, नाटक और व्यंग्य लेखन के माध्यम से डॉ. वर्मा की लेखनी समाज में नई जागरूकता एवं चेतना का विकास करने हेतु प्रयासरत है। अभी तक उनकी चौदह पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।