पांवटा साहिब में दून पहाड़ी संगठन का महासम्मेलन 22 दिसंबर को
कार्यक्रम में जातर सहित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन
दून पहाड़ी संगठन की बैठक में आयोजन को लेकर कमेटियां गठित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। दून पहाड़ी संगठन का रविवार, 22 दिसंबर को महासम्मेलन आयोजित होगा जिसके मुख्य आकर्षण जातर, सहभोज व रंगारंग पहाड़ी लोकगीत समेत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विभिन्न कमेटियों का गठन कर दिया गया है।
दून पहाड़ी संगठन के अध्यक्ष खजान सिंह शर्मा, उपाध्यक्ष रविंद्र ठाकुर, महासचिव कुंदन सिंह, दीपराम ठाकुर, मनीष, मातेश, रामलाल शर्मा, पंकज नेगी, जिला परिषद सदस्य शिल्ला वार्ड मामराज शर्मा, नरेश चौहान और राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि महासम्मेलन 2024 का आयोजन 22 दिसंबर को किया जा रहा है। पांवटा साहिब नगर परिषद मैदान में आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि इस महासम्मेलन का उद्देश्य आपसी एकता को बढ़ावा देना एवं पहाड़ी संस्कृति को संरक्षण प्रदान करना रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए पहाड़ी लोक परंपराओं को प्रस्तुत किया जाएगा। महासम्मेलन का आगाज सुबह दस बजे एनएच-07 पर स्थित वाई प्वाइंट से गुरुद्वारा मैदान तक निकलने वाली जातर मुख्य आकर्षण रहेगी। 11 बजे सभी अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम सुबह 11.30 बजे शुरू होकर 1.30 बजे तक चलेंगे। इसके बाद सहभोज का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पहाड़ी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, जातर और सहभोज समेत कई कार्यक्रम होंगे।
दून पहाड़ी संगठन अध्यक्ष खजान सिंह शर्मा ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है जिससे आपसी एकता और प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण किया जा सके।
संवाद