पांवटा साहिब में शहीद स्मारक पर ताला लगाए जाने के बाद विरोध जताते पूर्व सैनिक। संवाद
संगठन ने जताया विरोध, ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से ताला खोलने की लगाई गुहार
-कहा, शहीदों को नमन करने और श्रद्धासुमन अर्पित करने का सभी को अधिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब शहीद स्मारक पर ताला लगाए जाने पर शनिवार को भूतपूर्व सैनिक संगठन ने विरोध जताया है। पूर्व सैनिकों का कहना है कि शहीद स्मारक एक ऐसा स्थल है जहां सभी सामाजिक एवं प्रशासनिक संस्थाएं और लोग शहीदों को नमन करने पहुंचते हैं, लेकिन कुछ लोगों ने मनमर्जी से शहीद स्मारक पर ताला जड़ दिया है जो सही नहीं है। इसके बाद एसडीएम पांवटा साहिब को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब से दर्शन सिंह एवं हरजीत सिंह ने बताया कि एसडीएम कार्यालय के नजदीक बनाए गए शहीद स्मारक को पिछले कुछ दिनों से ताला जड़कर बंद किया गया है। यह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि एसडीएम से मुलाकात कर शहीद स्मारक को सभी के लिए खोलने की गुहार लगाई गई है। उन्होंने कहा कि यहां शहीद स्मारक पर किसी भी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए और यह स्थल एक ऐसा स्थल है जहां सभी लोग शहीदों को नमन करने एवं श्रद्धा सुमन अर्पित करने पहुंचते हैं। यहां कुछ लोगों की मनमर्जी इस कद्र है कि शहीद स्मारक पर ताला लगा दिया गया हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यहां जल्द से जल्द शहीद स्मारक को सभी के लिए खोलना चाहिए। इस मौके पर संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संवाद