नवजातों का दूसरे अस्पतालों में करवाना पड़ रहा इलाज
प्रशिक्षित नर्सों की भी कमी, वार्मर, ऑक्सीजन, फोटोथेरेपी जैसी मिलती हैं सुविधाएं
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। दो माह पहले शिशु रोग विशेषज्ञ की तैनाती के बावजूद पांवटा साहिब अस्पताल में स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) कक्ष शुरू नहीं किया गया है।
कभी जिला में बेहतरीन सेवाओं के लिए एसएनसीयू जाना जाता था। मार्च 2024 में शिशु रोग विशेषज्ञ के पदोन्नत के बाद यूनिट बंद हो गया। पांवटा साहिब में प्रतिदिन करीब 100 बाल रोगियों की ओपीडी होती है। यहां दो माह पहले शिशु रोग विशेषज्ञ का पद भर दिया गया है, लेकिन अब तक भी एसएनसीयू सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं।
बता दें कि पांवटा साहिब अस्पताल में एसएनसीयू की सुविधा है। इसमें अनुभवी शिशु रोग विशेषज्ञ, नर्सें और अन्य चिकित्सा कर्मियों की देखरेख में नवजात शिशुओं की देखभाल की जाती है। इस इकाई का उद्देश्य नवजात शिशुओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना है। इसमें वार्मर, ऑक्सीजन, फोटोथेरेपी और अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण शामिल हैं। स्थानीय सिविल अस्पताल में एसएनसीयू मार्च 2024 तक पूरे जिले में बेहतरीन सेवाएं देता रहा। विशेष रूप से यहां कम वजन वाले नवजात और पीलिया पीड़ित बच्चों की देखभाल की जाती थी। इससे कई बच्चों को नवजीवन मिला। एक मामले में पीजीआई में जन्मे तीनों नवजात को भी इसी इकाई से स्वस्थ कर घर भेजा गया था।
सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में डेढ़ वर्ष से शिशु रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त था। इससे शिशु ओपीडी प्रभावित हुई। अब शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आसिफ कुरैशी ने ज्वाइन कर लिया है। इसके बाद दो माह के भीतर ही ओपीडी में मरीजों की संख्या फिर से 100 के आसपास पहुंच गई है। इसके बावजूद एसएनसीयू बंद है। इससे अधिकांश नवजात और गंभीर बीमार बच्चों को नाहन या निजी क्लीनिकों में उपचार के लिए ले जाना पड़ रहा है।
शिशु रोग विशेषज्ञ का पद भर चुका है। हालांकि एसएनसीयू संचालन के लिए प्रशिक्षित नर्सों के कुछ पद रिक्त हैं। पुराने भवन की मरम्मत काम चल रहा है। अक्तूबर में एसएनसीयू शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-डॉ. एवी राघव, कार्यकारी प्रभारी, सिविल अस्पताल पांवटा साहिब