जयहर पीएचसी को दो साल बाद मिला डाॅक्टर, लोगों ने ली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की जयहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में डाॅक्टर ने अपनी सेवाएं देनी शुरू कर दी हैं। इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। दो साल से यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिना डॉक्टर के चल रहा थी। यहां केवल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही कार्यरत था। ऐसे में इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लाभान्वित होने वाली चार हजार की आबादी छोटे मोटे उपचार के लिए 30 से 60 किलोमीटर दूर अस्पतालों में जाकर उपचार करवाने को विवश थी।
जयहर पंचायत प्रधान लेखराज सिंह, अंजेश शर्मा, विरेंद्र शर्मा, सोम ठाकुर, रमेश कुमार, सुरजन सिंह, राजेश कुमार, देव स्वरूप ने बताया कि जयहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर का पद भरने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। बीएमओ पच्छाद डॉ. रजत ने बताया कि जयहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर का पद आचार संहिता से पहले भरा जा चुका है। अब मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा यहीं मिल रही है।
-संवाद