वॉलीबाल में हेमचंद, दौड़ में संजू विजेता
दिव्यांगों की जिला स्तरीय खेलकूद स्पर्धा में प्रतिभागियों ने दिखाया दम
स्पेशल ओलंपिक भारत स्पोर्ट्स सेंटर सिरमौर ने आयोजित की प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्पेशल ओलंपिक भारत स्पोर्ट्स सेंटर सिरमौर की ओर से एनएचपीसी के सौजन्य से आस्था स्पेशल स्कूल नाहन में आयोजित दिव्यांगों की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। कार्यक्रम में रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स के प्रधान अमित धारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
मुख्यातिथि ने पांच दिन तक चली विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता व उपविजेता बच्चों को पुरस्कृत किया। इसमें छात्र वर्ग की वॉलीबाल में हेमचंद, मासूम खान व रहीम, साइकिलिंग में अर्जुन कुमार, अनुराग वर्मा व मासूम खान ने क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर जीत दर्ज की। चार सौ मीटर दौड़ में संजू, रहीम व हेमचंद, छात्राओं की चार सौ मीटर दौड़ में पायल कुमारी, हर्षिता व नियोनिका ने क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर जीत दर्ज की।
इसी प्रकार फुटबॉल स्पर्धा में हेमचंद ने पहला, मासूम ने दूसरा व रोहित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वॉलीबाल में हेमचंद ने पहला, मासूम ने दूसरा व रोहित ने तीसरा स्थान अर्जित किया।
छात्राओं की बॉस्केटबाल स्पर्धा में पायल, नियोनिका व पायल पोसवाल ने क्रमश: पहला, दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया। पॉवर लिफ्टिंग में हेमचंद ने पहला, संजू ने दूसरा व रहीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। बौची में शुभम, हर्षित व सोएब, रस्सी कूद में लता ने पहला, रहीम ने दूसरा व अर्जुन ने तीसरा स्थान पाया। छात्रा वर्ग में पायल कुमारी ने पहले स्थान पर जीत दर्ज की। शॉटपुट में नवीन, शोएब व सम्मत ने पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर जीत दर्ज की।
इस मौके पर विशेष कोच किरण तोमर, डीएड कॉलेज की प्रधानाचार्य रूचि कोटिया, आस्था स्कूल की प्रधानाचार्य संतोष कुमारी, कर्मसिंह, वरिष्ठ नागरिक सुखदेव शर्मा, संजीव शर्मा, शिक्षिका मोनिका शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
संवाद