हमला कर कई ग्रामीणों को घायल कर चुका बैल: वसीम मलिक
एसडीएम पांवटा से मिला अमरकोट पंचायत का प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। ग्राम पंचायत अमरकोट में चार माह से लावारिस छोड़े गए बैल से काफी दहशत है। बैल अचानक राहगीरों पर हमला कर घायल कर रहा है। इससे खास कर छोटे बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों में बैल के अचानक बढ़ते हमलों को देखते हुए दहशत है। क्षेत्रवासियों ने एसडीएम पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपा है। इसमें पशुपालन विभाग की तरफ से इसमें उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
अमरकोट पंचायत के प्रधान वसीम मलिक, अवतार, सिंह, असलम, चरणजीत सिंह, हरबंस लाल, यामीन, फरोजदीन, शमशाद, बलदेव सिंह, जाहिर अली व जफर अली समेत ग्रामीणों ने बताया कि पिछले चार माह से अधिक दिक्कतें आ रही है। एक आवारा बैल पंचायत में घूम रहा है। कई बार राहगीरों को पीछे से आकर अचानक हमला कर देता है। कई लोग घायल हो चुके हैें। कभी कभी रात के समय पशुशाला में घुस कर बंधे हुए पशुओं पर हमला कर देता है। ग्रामीणों ने इस बारे पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत करवाया हैै।
पंचायत प्रधान वसीम मलिक समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि 8 सितंबर को पशुपालन विभाग को भी अवगत करवा दिया है। अभी तक विभाग की तरफ से कोई भी कार्रवाई इस बैल को पकडऩे के लिए नही की गई है। एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने अमरकोट से पहुंचे एक प्रतिनिधिमंडल के मिलने की पुष्टि की है।