गन्ना उत्पादक किसानों ने समय पर तुलाई-उठान और बेहतर ट्रांसपोर्ट सुविधा का मुद्दा उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों, किसान संगठनों और भाजपा किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड शुगर मिल डोईवाला के महाप्रबंधक अजयवीर सिंह से मुलाकात कर गन्ने की तुलाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग उठाई। किसानों ने पांवटा साहिब के बद्रीपुर तथा गिरिपार क्षेत्र के खोड़ोंवाला-गोरखूवाला में दो अतिरिक्त गन्ना तोल कांटे लगाने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके अलावा गन्ने की समय पर तुलाई-उठान, बेहतर ट्रांसपोर्ट सुविधा और उच्च श्रेणी का गन्ना बीज उपलब्ध करवाने का मुद्दा भी उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई द शाकुंबेरा शुगरकेन ग्रोअर्स सोसाइटी के सचिव दलीप कुमार, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिंदर सिंह नौटी और भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अविनाश सैनी ने की। बद्रीपुर पंचायत घर में हुई बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक को बताया कि पिछले कई वर्षों से शुगर मिल की ओर से पांवटा साहिब क्षेत्र में हरिपुर टोहाना और सूरजपुर में ही दो गन्ना तोल कांटे लगाए जा रहे हैं। ऐसे में इस बार बद्रीपुर तथा गिरिपार क्षेत्र के खोड़ोंवाला-गोरखूवाला में भी अलग से कांटे लगाए जाने की आवश्यकता है।
किसानों ने कहा कि अतिरिक्त कांटे लगने से गन्ने की समय पर तुलाई और उठान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को ट्रांसपोर्ट की बेहतर सुविधा मिलने से गन्ना समय पर मिल तक पहुंचाया जा सकेगा। गिरिपार क्षेत्र के गन्ना किसानों की मांग अविनाश सैनी ने महाप्रबंधक के समक्ष रखी। उन्होंने उच्च श्रेणी के गन्ना बीज स्थानीय किसानों को उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई।
अविनाश सैनी और दलीप सिंह ने बताया कि किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर महाप्रबंधक अजयवीर सिंह पांवटा साहिब पहुंचे और किसानों के साथ बातचीत की। महाप्रबंधक ने किसानों की मांगों को सुना और सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कृषि विभाग के एडीओ मंजीत सिंह, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिंदर सिंह, प्रदेश सचिव गुरजीत सिंह, सोसायटी के सचिव दलीप सिंह, रामपाल सिंह, रविंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुभाष समेत स्थानीय गन्ना उत्पादक किसान मौजूद रहे।