शिमला में मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ हरिपुरधार क्षेत्र का प्रतिनिधिमंडल।
विधायक विनय कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुक्खू से की मुलाकात
अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के पदों को कैबिनेट से मंजूरी देने का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिपुरधार (सिरमौर)। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार के नेतृत्व में शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने नागरिक अस्पताल हरिपुरधार की अधिसूचना जारी करने और क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस दौरान विधायक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष नागरिक अस्पताल हरिपुरधार के भवन निर्माण के लिए शीघ्र बजट स्वीकृत करने की मांग रखी। साथ ही अस्पताल के सुचारु संचालन के लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के आवश्यक पदों को कैबिनेट से जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि हरिपुरधार क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से दूरदराज और कठिन परिस्थितियों वाला है। ऐसे में अस्पताल के भवन निर्माण के साथ पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता बेहद जरूरी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से दोनों मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में बीडीसी के पूर्व चेयरमैन एवं आरटीए सदस्य दिलीप सिंह चौहान, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स सदस्य बृजराज ठाकुर, पंचायत प्रधान अनिल शर्मा, पंचायत प्रधान ओपी ठाकुर, पंचायत प्रधान जयपाल शर्मा, महासचिव अनिल ठाकुर, ओबीसी सेल अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, बूथ अध्यक्ष दीपराम शर्मा, कमला चौहान, राम चंदर शर्मा सहित क्षेत्र के कई प्रतिनिधि और लोग मौजूद रहे।