सभी राजनीतिक दल आदर्श आचार संहिता का करें पालन : सुमित खिमटा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नाहन में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत एक जून को होने वाले मतदान के दृष्टिगत सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित आदर्श आचार संहिता की अनुपालना करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू की गई है जिसका सभी राजनीतिक दलों को पालन करना चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी सुमित खिमटा मंगलवार को नाहन में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
खिमटा ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से जारी लोकसभा चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 14 मई को नामांकन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। 15 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जबकि नाम वापसी की तिथि 17 मई 2024 निर्धारित की गई है। एक जून को मतदान की तिथि निर्धारित की गई है। 4 जून 2024 को मतों की गणना की जाएगी।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से चुनाव के दौरान आयोजित होने वाली रैलियों, चुनावी सभाओं तथा चुनावी कार्यक्रमों के दौरान आदर्श आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन करने के लिए कहा है। उन्होंने चुनावी सभाओं और चुनावी रैलियों के लिए निर्धारित स्थलों की अग्रिम स्वीकृतियां निर्धारित प्रपत्र भर कर समय पर आवेदन करने के लिए भी कहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एक जून को होने वाले मतदान के लिए अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने का भी आग्रह किया ताकि मतदान प्रतिशत को बढ़ाया जा सके।
तहसीलदार निर्वाचन महेंद्र ठाकुर ने इस अवसर पर बैठक का संचालन करते हुए चुनाव संबंधी विभिन्न जानकारियां प्रदान कीं।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि कैप्टन सलीम अहमद, भाजपा प्रतिनिधि संजय गोयल, बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि अयोध्या प्रसाद, सीपीआईएम के प्रतिनिधि राजेंद्र ठाकुर व निर्वाचन विभाग की ओर से तेजिंद्र ठाकुर, जगत राम व अन्य उपस्थित रहे।