शमलाशन मंदिर में मेले में लोक गायक राजेश त्यागी और राजेश मलिक ने बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। बजगा पंचायत के धंधोंली गांव स्थित मां शमलाशन मंदिर में एक दिवसीय मेले में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालु अपने घरों से हलवे की कढ़ाई का भोग लेकर मंदिर में चढ़ाने पहुंचे। यह मेला क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते हैं।
स्थानीय कलाकारों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर समां बांधा। कलाकार राजेश मालिक ने जय-जय देवा शिरगुला रे और रेणुका माइये भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। वहीं, राजेश त्यागी ने गुफा के अंदर मां तेरा मंदिर आदि गीतों से मनोरंजन किया। इससे पूर्व रामकृष्ण शर्मा ने शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। मेले के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कृषि विपणन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष बलदेव भंडारी शिरकत की। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपरा के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक मेलजोल का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने मंदिर कमेटी को 11 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। वहीं विशेष अतिथि देवराज शर्मा ने मंदिर कमेटी को 7100 रुपये देने की घोषणा की।
इस मौके पर पूर्व पंचायत प्रधान भूपेंद्र भंडारी, मंदिर कमेटी अध्यक्ष सतीश ठाकुर, राम गोपाल ठाकुर, धनवीर सिंह, धर्मवीर सिंह, तेजवीर शर्मा, शमशेर सिंह ठाकुर, पदम सिंह ठाकुर आदि मौजूद रहे।