दो अलग-अलग समस्याओं को लेकर एडीसी से मिला प्रतिनिधिमंडल, सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। विधानसभा क्षेत्र नाहन की नेहली पंचायत के तहत आने वाले विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने दो स्थानीय समस्याओं को लेकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग उठाई है। शुक्रवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता काप्टा से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित पत्थर क्रॅशर का काम रुकवाने सहित भूमि कटाव की समस्या का समाधान करवाने की मांग की।
ग्रामीणों ने पहले मामले में ग्राम मंडलाहां (बड़वा) में प्रस्तावित पत्थर क्रॅशर का विरोध जताया। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि क्रॅशर स्थापित होने से क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। इसका प्रतिकूल असर पर्यावरण, पशुओं के चारे, कृषि भूमि और फसलों पर पड़ सकता है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत नेहली धीड़ा की 2 अक्तूबर 2026 को आयोजित ग्राम सभा की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। बैठक में काटल, बेरिया, मंडलाहां (बड़वा), जलाड़ा, चाकली, खरक, फफड़ाहू और नेहली के ग्रामीणों ने क्रॅशर लगाने पर आपत्ति जताई थी। ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर क्रॅशर का कार्य बंद करवाने की मांग की थी।
भूमि कटाव से मकानों को खतरा
दूसरे मामले में ग्रामीणों ने नाहन-श्री रेणुकाजी सड़क के आसपास भूमि कटाव की समस्या उठाई। पंचायत के पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान हरि सिंह ठाकुर, वार्ड सदस्य सीमा व नितेश, पूर्व वार्ड सदस्य रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह और शिव दर्शन शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पानी की उचित निकासी नहीं होने से सड़क के आसपास की निजी भूमि में कटाव हुआ है। इसके चलते काफी मात्रा में पत्थर और मलबा लोगों की जमीन तक पहुंच गया है। इससे आसपास बने मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के संबंध में वर्ष 2025 में लोक निर्माण विभाग को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आशंका जताई कि समय रहते सुरक्षा और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो जान-माल और संपत्ति को गंभीर नुकसान हो सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व विभाग से प्रभावित निजी भूमि का निरीक्षण करवाकर नुकसान का आकलन करने और नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग भी उठाई। ग्रामीणों ने एडीसी एकता काप्टा से दोनों मामलों में उचित कार्रवाई कर राहत दिलाने का आग्रह किया।-