शिलाई (सिरमौर)। हिमुडा द्वारा निर्माणाधीन रावमापा रोनहाट के स्कूल भवन में लगाई जा रही निर्माण सामग्री सवालों के घेरे में आ गई है। स्कूल प्रबंधन समिति की शिकायत पर एसडीएम शिलाई ने मौके का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद एसडीएम शिलाई ने निरीक्षण के दौरान पाई कमियों की रिपोर्ट बनाकर हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिमला को भेज दी गई है।
इस निरीक्षण कार्य से हिमुडा के ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।
गुरुवार को एसडीएम शिलाई ने 43 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन रावमापा रोनहाट के भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रथम दृष्टि में स्कूल भवन में घटिया सामग्री, लोकल खड्डों के रेत का इस्तेमाल, क्रशर बजरी की जगह मोटा रोड़ा, रोडी की जगह पत्थर, सब स्टैंडर्ड सरिया के इस्तेमाल को पाया।
उधर मामले की पुष्टि करते हुए एसडीएम शिलाई विकास शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टि में कम गुणवत्ता वाली सामग्री लगाई पाई गई, जिसकी रिपोर्ट बनाकर हिमुडा के प्रदेश कार्यकारी अधिकारी को भेज दी है।
उधर हिमुडा के सहायक अभियंता जोगिंद्र सिंह ने बताया कि यदि ठेकेदार द्वारा गलत सामग्री लगाई जा रही है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर कनिष्ठ अभियंता को भेज कर रिपोर्ट मंगवाई जा रही है।