शिलाई (सिरमौर)। शिलाई-नैनीधार सड़क मार्ग पर बागनल गांव के समीप मंगलवार को एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया जिससे उसमें सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में तीन बच्चियां सगी बहनें बताई जा रही है। दो छात्राएं पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दी हैं। उन्होंने स्कूल जाने के लिए ट्रक में लिफ्ट ली थी। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे एक आईशर ट्रक शिलाई से नैनीधार की ओर कुछ सामान लेकर जा रहा था। बागनल के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में गिर गया जिससे उसमें सवार रतन सिंह (48) पुत्र नैनसिंह निवासी नैनीधार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रोशन (25) पुत्र नारायण सिंह निवासी नैनीधार की अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में मौत हुई।
हादसे में 12 वर्षीय स्नेहा, दस वर्षीय नितिका, आठ वर्षीय आरूषी पुत्र व पुत्रियां भगतराम गांव निवासी धरवा गंभीरू रूप से घायल हो गए। 21 वर्षीय अंकित पुत्र जगत सिंह को भी हादसे में गंभीर चोटें लगी हैं। घायलों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस में शिलाई अस्पताल पहुंचाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों छात्राओं को पांवटा साहिब रेफर किया गया। उन्हें पांवटा में दाखिल किया गया है।
बताया जा रहा है कि बच्चे सुबह स्कूल जा रहे थे लेकिन, बागनल गांव के समीप यह ट्रक खाई में गिर गया। उधर, प्रशासन की ओर से मृतकों को दस-दस हजार, जबकि घायलों के इलाज के लिए 13 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
एसडीएम जीएम सकलानी ने मौके का दौरा किया। उधर, स्थानीय विधायक बलदेव तोमर, पूर्व विधायक हर्षवर्धन चौहान, जिला परिषद अध्यक्ष दलीप सिंह चौहान ने इस घटना प गहरा शोक प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों के पति संवेदना प्रकट की है। शिलाई थाना के एएसआई प्रताप सिंह राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं।