नाहन (सिरमौर)। जिला में अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस ने शराब की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। नाहन पुलिस थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस ने दो व्यक्तियों से देसी शराब की 55 पेटियां व बीयर की 11 पेटियां बरामद कीं। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को यह सफलता शुक्रवार देररात करीब ढाई बजे उस समय लगी जब धारटीधार क्षेत्र में बिरला के समीप मंधाराघाट में नाहन थाना प्रभारी तिलकराज शांडिल के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक बोलेरो गाड़ी आती दिखी। पुलिस टीम ने वाहन चालक से रुकने का इशारा किया। गाड़ी का चालक पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया। सामने पुलिस देख चालक व गाड़ी में बैठे एक अन्य व्यक्ति ने गाड़ी से कूद कर विपरीत दिशा में दौड़ना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस दल ने आरोपियों को दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो गाड़ी से देसी शराब की 55 पेटियां जिसमें संतरा नंबर वन की 660 बोतलें व बीयर की 11 पेटियों में हरियाणा में बिकने वाली थंडर बोल्ट मार्का की 132 बोतलें बरामद कीं।
इस मामले में पुलिस ने उत्तरप्रदेश के जिला बागपत निवासी प्रशांत पुत्र सतबीर व हरिपुरखोल निवासी चालक राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में नाहन थाना प्रभारी तिलकराज शांडिल के अलावा एएसआई सुरजीत, एचएससी रणवीर, कांस्टेबल राजेश, सूर्यकांत, लेडी कांस्टेबल संतोष व चालक राजेंद्र शामिल रहे।
उधर, थाना सदर नाहन के एसएचओ तिलक राज शांडिल ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों से देसी शराब व बीयर की पेटियों की बरामदगी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों व्यक्तियों को शनिवार को नाहन अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।