सराहां (सिरमौर)। पच्छाद थाना के अंतर्गत आने वाली डिलमन पंचायत के चडावग गांव में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने घर के दोनों गांवों में घर के दरवाजे तोड़कर लगभग डेढ़ लाख रुपये के गहनों और कुछ नकदी पर हाथ साफ कर लिया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने कथित आरोपी को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान पिंजौर निवासी देवराज के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए बयान में चड़ावग गांव की सुमन लता ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि शुक्रवार दोपहर को जब वह घर आई तो घर के ताले टूटे हुए पाए गए। इस दौरान एक मोटर साइकिल पर आया व्यक्ति घर के पास से ही भाग रहा था। सुमन लता ने तुरंत सराहां थाना को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जय राम डोगरा की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची और कथित आरोपी को पकड़ने के लिए प्रयास शुरू किए। वहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट गई। पुलिस ने कुछ ही दूरी पर बाइक को सड़क किनारे खड़ा पाया लेकिन आरोपी फरार था। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोटर साइकिल खड़ी करके जंगल की तरफ भाग रहा था। पुलिस व गांव के लोगों ने पूरे जंगल को घेर लिया और उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार सुमनलता का कहना है कि उसकी जेठानी रूपा देवी के लगभग 40 हजार के गहनों पर हाथ साफ किया गया है। उधर, डिलमन गांव की सुनील कुमारी के घर से भी गहनों की चोरी हुई है। पुलिस में शिकायत दी गई है कि उसके घर से लगभग 90 हजार रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ किया गया है। एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश हुए हैं।
-----