इंडियन ऑयल कंपनी का एरिया मैनेजर बताकर एक व्यक्ति ने पांवटा के एक व्यवसायी को सात लाख रुपये का चूना लगा दिया। प्रॉपर्टी खरीदने की बात कहकर शातिर ने व्यवसायी से सात लाख रुपये मांग लिए। व्यक्ति ने फोन पर हुई इस बातचीत के आधार पर बिना सोचे-समझे चार किश्तों में चार लाख रुपये एक बैंक खाते में जमा करवा दिए, लेकिन राशि वापस नहीं मिलने पर उसने जांच पड़ताल की तो शक हुआ। उसके बाद व्यवसायी ने पांवटा थाना में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस मामले में बड़े ठग गिरोह के होने की आशंका जताई जा रही है।
पांवटा के शमशेरपुर निवासी व्यवसायी प्रदीप कुमार ने कहा कि 26 मई को मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। व्यक्ति ने अपने आपको इंडियन ऑयल कंपनी का एरिया मैनेजर बताया। बाद में दूसरे मोबाइल नंबर से बात कर कहा कि वह कहीं पर प्रापर्टी खरीद रहा है। इसके लिए सात लाख रुपये की जरुरत है। इसके लिए तेल कंपनी से लोन एप्लाई किया है। पैसे मिलने पर उधार राशि लौटा दूंगा। इतना कहने के बाद फोन करने वाले ने व्यवसायी को अपना बैंक एकाउंट नंबर एसएमएस कर दिया। व्यवसायी ने चार किश्तों में राशि आरोपी के खाते में जमा करवा दी, लेकिन 6 जून तक राशि वापस खाते में नहीं आई।
कई बार मोबाइल नंबर पर फोन किया गया मगर फोन स्वीच ऑफ आ रहा था। उक्त नंबर अब तक बंद है। व्यवसायी को कुछ संदेह हुआ तो एरिया मैनेजर को उनके ऑफिस के नंबर पर संपर्क किया। पता चला कि जिस खाते में सात लाख रुपये जमा किए गए वह कंपनी का ऐसा कोई अकाउंट नहीं है। न ही कभी कॉल कर इस तरह से कोई भी राशि मांगी गई। इस मामले की जांच कर रहे मुख्य आरक्षी कल्याण सिंह की टीम को व्यवसायी ने आरोपी का मोबाइल नंबर व बैंक खाता नंबर समेत सभी साक्ष्य सौंप दिए हैं।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि पांवटा के शमशेरपुर निवासी प्रदीप कुमार शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा-420 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।