पांवटा साहिब(सिरमौर)। देवीनगर पांवटा के विभिन्न क्षेत्रों में देर रात को पुलिस टीम ने नशे के तस्करी करने वालों के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान करीब एक दर्जन संदिग्ध नशा विक्रेताओं की धरपकड़ के लिए टीमें निकली। इस दौरान एनडीपीएस व एक्साइज एक्ट के तीन मामले दर्ज हुए। इनके तहत 2 महिला समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया। महिला ने गुप्त स्थानों पर नशीले पदार्थ छिपाए हुए थे। पुलिस की महिला कांस्टेबल ने तलाशी ली। छापामारी के भनक लगते ही कुछ लोग भाग खड़े हुए। दबोचे गए आरोपियों को थाने में लाकर पूछताछ हो रही है।
बता दें, कि डीएसपी पांवटा के देवीनगर व आसपास अवैध नशा कारोबार की सूचना मिली थी, जिसमें महिलाओं के संलिप्त होने की बात सामने आ रही थी। सोमवार देर रात को अवैध नशा बिक्री की पुख्ता सूचना मिली।
इसके बाद डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर, एसएचओ लायक राम सिसौदिया, सब इंस्पेक्टर दौलत व एएसआई गुरमेल सिंह, महिला कांस्टेबल समेत एक दर्जन से अधिक पुलिस टीम सदस्य देवीनगर क्षेत्र में संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी को पहुंची। इस दौरान आरोपी महिला इमरती देवी कन्या स्कूल को जाने वाली गली में गिरफ्तार की गई। महिला अपने दाहिने हाथ में कपड़े के कैरी बेग को लेकर दो लड़कों के पास खड़ी थी। पुलिस को आते देख लड़के मौके से भाग खड़े हुए। महिला के पास से कैरी बेग खोलने पर चरस 120 ग्राम, हेरोइन की 6 ग्राम एवं भांग की पत्तियां 60 ग्राम बरामद की गई। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जबकि देर रात करीब 10 बजे कृपाल शिला गुरुद्वारा से कुछ दूरी पर एक महिला नजर आई। पुलिस टीम को देख महिला पीछे मुड़ने लगी। संदेह होने पर महिला कांस्टेबल ने तलाशी के लिए रोका। आरोपी महिला ने अपना नाम माया निवासी वार्ड-10 बताया। एक प्लास्टिक बोरी के भीतर 2-2 लीटर की 12 बोतलें अवैध शराब की बरामद हुईं। महिला के खिलाफ हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं, एएसआई दिलबाग सिंह की टीम ने बाता चौक के समीप एक बाइक देर शाम को रुकवाई। अमर सिंह पुत्र रतन सिंह निवासी बाता मंडी पेट्रोल टंकी पर बोरू लेकर जा रहा था। पुलिस टीम ने तलाशी ली। इसके अंदर 3 गत्ता पेटी में कुल 36 बोतलें अवैध शराब बरामद हुईं। हिप्र एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि कर बताया कि सोमवार रात को करीब एक दर्जन संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी हुई। नशे का कारोबार करने वालों के घरों व दुकानों की तलाशी ली गई। पकड़े गए आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।