शिलाई (सिरमौर)। शिलाई के चिखाड़ में महिलाओं ने शराब ठेके पर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान महिलाओं ने ठेके पर तैनात कर्मियों को भी खदेड़ दिया। इसके बाद ठेके में रखी शराब की बोतलों समेत फ्रीज, रैक समेत अन्य सामान खड्ड में फेंक दिया। चिखाड़ से शराब ठेका न हटाए जाने पर महिलाओं ने यह तल्ख तेवर अपनाए।
बता दें कि क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने शराब का ठेका हटाए जाने को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था लेकिन कोई कार्रवाई न होती देख महिलाओं के सब्र का बांध टूट गया। शुक्रवार देर रात को जब सेल्समैन गाड़ी से ठेके में शराब रखने लगे तो वहां इलाके की दर्जनों महिलाएं पहुंच गईं। इस दौरान महिलाओं ने दो टूक लहजे में ठेका संचालकों को शराब रखने से मना किया लेकिन ठेका संचालक व सेल्समैन गाली गलौच पर उतर आए।
इसके बाद गुस्साई महिलाओं ने ठेके पर जमकर हंगामा मचाया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। महिलाओं ने शराब ठेके के अंदर रखी बोतलें तोड़ दीं और फ्रीज व रैक आदि सामान खड्ड में फेंक दिया। यही नहीं महिलाओं ने मौके से कर्मियों को भी खदेड़ दिया। शनिवार को भी चार पंचायतों की महिलाएं चिखाड़ में एकत्रित हुईं। इस दौरान प्रशासन व आबकारी एवं कराधान विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यही नहीं गुस्साई महिलाओं ने एकजुट होकर शराब के सभी अड्डों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। उनके हाथ जो भी शराब की बोतल लगी उसे नष्ट करती चली गई। उल्लेखनीय है कि चिखाड़ पांच पंचायतों टटियाण, कोटापाब, अश्याडी, कोटी उतरऊ, मिल्लाह, बकरास व क्यारी गुंडाह का केंद्र बिंदु है।
सभी लोग यहां ठेका खोलने का विरोध कर रहे हैं। शनिवार को स्थानीय प्रशासन व आबकारी विभाग के खिलाफ किए गए प्रदर्शन के बाद गुस्साई महिलाओं ने व्यापार मंडल टिंबी को भी दो टूक शब्दों में नशा न परोसने की चेतावनी दी है। महिलाओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि कोई ऐसा करता पकड़ा जाता है जो उससे 50 हजार का जुर्माना वसूला जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान अश्याड़ी पंचायत के पूर्व प्रधान बहादुर सिंह चौहान, बकरास के उपप्रधान प्रकाश चौहान, कयारी गुंडाह पंचायत के प्रधान रणसिंह चौहान, अश्याड़ी की प्रधान चमेली देबी, इंद्रा चौहान, उर्मिला देवी, राजो देवी, तारा शर्मा, अतरो देवी, नागो देवी, कांता देवी, विनीता, चंद्रकला, रेखा, प्रियंका, शुपीदेवी, राजो देवी, रतन सिंह, बलदेव सिंह, बलदेव, कपिल शर्मा, इंद्रा देवी, सीतादेवी, दीपो देवी, निशादेवी, कांता, लक्ष्मी देवी, प्रदीप कुमार, गोपाल सिंह, सूरत सिंह, शुपाराम, दलीप ठाकुर, कमला देवी, उदयराम, रमेश, हिरो देवी, देबो देवी, सरिता देवी, किरण चौहान, लक्ष्मी देवी आदि उपस्थित रहे।
उधर, एसडीएम शिलाई जीएम सकलानी ने बताया कि चिखाड़ की महिलाओं ने क्षेत्र में शराब का ठेका न खोलने के लिए ज्ञापन दिया था। इस पर फील्ड से रिपोर्ट मंगवाई गई है। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो ठेका संचालक के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभी पूरी रिपोर्ट नहीं मिली है।