पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब की बद्रीपुर पंचायत में गुज्जर कॉलोनी के समीप ठेका खोलने का विरोध शुरू हो गया है। एनएच से ठेका कॉलोनी के समीप खुलने की सूचना शनिवार को आग की तरह फैली। दोपहर तक शराब कारोबारी ने ठेका शिफ्ट करने के लिए कुछ सामान दुकान में ही रखा था कि बद्रीपुर क्षेत्र की महिलाओं समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। शराब ठेके के विरोध की सूचना पुलिस को मिलते ही एसएचओ पांवटा मनीष चौहान टीम सहित मौके पर पहुंचे।
शनिवार को बद्रीपुर पंचायत के गुज्जर कॉलोनी के समीप ठेका शिफ्ट करने का कार्य चल रहा था। इस बीच पंचायत के वार्ड-2 व 3 और आसपास कॉलोनी निवासी राहुल, रामपाल, अनूप सिंह, रेनू चंदेल, सीमा देवी, सचिन, किरन, कुलदीप सिंह, सुषमा, पवन, अनुज, दिनेश, संतोष, तेजपाल, जसवीर सिंह, विशू व मोहित समेत ग्रामीण मौके पर एकत्र होकर शराब ठेके का विरोध करने लगे। इस दौरान काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
सूचना मिलने पर एसएचओ समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हंगामे के बीच पुलिस ने ग्रामीणों को शांतिपूर्वक तरीके से अपनी बात रखने की अपील। महिलाओं ने कहा कि यहां पर ठेका खुलने से आसपास का शांत माहौल बिगड़ेगा। कुछ ही दूरी पर खेड़ा मंदिर भी स्थित है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, महिलाएं व बुजुर्गों का आवागमन है। ठेका खुलने पर यहां पर शराबियों का हुड़दंग रहेगा। इससे बद्रीपुर पंचायत क्षेत्र का शांत माहौल भी खराब होगा।
ग्रामीणों ने चेताया है कि ठेका खोला गया तो सड़कों पर उतरकर इसका विरोध किया जाएगा। शराब ठेका यहां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि यदि यहां पर किसी प्रकार की कोई क्षति होती है तो इसकी जिम्मेवारी पुलिस व स्थानीय प्रशासन की होगी।
उधर, एसएचओ पांवटा मनीष चौहान ने बताया कि गुज्जर कालोनी में लोग शराब ठेके का विरोध कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में न लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस मसले पर ग्रामीणों से कहा गया है कि वह शांतिपूर्वक ढंग से प्रशासन व संबंधित विभाग के समक्ष अपनी बात व शिकायत रखें ताकि कोई समाधान निकाला जा सकें।